Republic Day 2023: देश के 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरे देश में देशभक्ति का रंग देखने को मिला। इस मौके पर जयपुर के नजदीक जामडोली में केशव विद्यापीठ में गणतंत्र दिवस समारोह में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने हिस्सा लिया। समारोह के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के महत्व का वर्णन किया।
इस मौके पर मोहन भागवत ने कहा, "देशवासियों को आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए और पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। हम अपनी संप्रभुता के प्रतीक तिरंगे को उत्साह, खुशी और गर्व के साथ फहराते हैं। हम सभी इसी तिरंगे की शान के लिए काम कर रहे हैं।"
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के बारे में बात करते हुए आगे कहा, "केसरिया रंग, भारत की प्रकृति का प्रतिनिधित्व करती है, जो शाश्वत जीवन का प्रतीक है। यह रंग उगते सूरज के रंग के साथ मेल खाता है, जोकि निरंतर काम का प्रतीक है। यह रंग मुनष्य को जगाने और अपने काम में सक्रिय होने के लिए प्रेरित करता है। यह रंग ज्ञान, त्याग और परिश्रम का प्रतीक है।"